14 अगस्त
एक देश जिसको लेकर एक दूसरे देश में इतने पूर्वग्रह, इतनी कम समझ है कि आप उसके बारे में बात करने भर से, उसको सुंदर कह देने भर देशद्रोही बन सकते हैं। एक देश जो एक दूसरे देश से कुछ देर पहले आज़ाद हुआ पर उसके आक़ाओं ने उसे कई-कई बार ऐसे चलाया/खपाया जैसे वो उनके घर की जागीर हो। एक देश जिसको लेकर एक दूसरे देश का एक वर्ग ये मान कर चलता है कि वहाँ सब बगल वाले देश को, उसके नागरिकों को बद्दुआएं ही दे रहे होंगे; ये मानता है कि वहाँ के लोग बेकार हैं। अजीब ये है कि वही वर्ग ये भी चाहता है कि ये देश उस देश पर आक्रमण कर कब्जा कर ले। मैं सोचता हूँ तब उस देश की जनता को कैसे स्वीकार करेंगे दूसरे देश वाले? एक देश जिसमें खूबसूरत मौसिक़ी है, एक देश जिसमे खूबसूरत बाग़ीचे हैं, एक देश जिसमे खूबसूरत ईमारतें हैं, एक देश जिसमें अदबी लोग हैं। एक देश जो एक दूसरे देश का खूबसूरत हमसफर हो सकता था पर दोनों ही देशों के सियासती चोंचलों ने दोनों को एक-दूसरे का दुश्मन बना दिया। एक देश जिसके शहर एक दूसरे देश के शहरों के जुड़वा लगते हैं। एक देश जहाँ बोली जाने वाली ज़बान लगभग एक दूसरे देश के...